फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अवैध खनन की पोल खोलने वाला सिपाही लाइन हाजिर, देगा पुलिस कार्यालय पर धरना

विज्ञापन
विज्ञापन
सहारनपुर। अवैध खनन एवं परिवहन के मामले में पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों को कटघरे में खड़ा करने वाले सिपाही पर पोल खोले जाने की गाज गिर गई है। एसएसपी ने सिपाही को लापरवाही के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया है। जबकि जिन पर आरोप लगे उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिससे पुलिस के अधिकारियों की मंशा पर भी सवाल उठने लगे हैं। सिपाही प्रवीण कुमार ने इसके खिलाफ लड़ाई लड़ने का एलान कर दिया है। उसने अपने परिवार को भी मेरठ से सहारनपुर बुला लिया है और कार्रवाई के विरोध में धरना देने की बात कही है।
विज्ञापन

एनजीटी द्वारा रोक लगाए जाने के बावजूद बेहट क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन किए जाने की लगातार शिकायतें प्रशासन को मिल रहीं थीं, लेकिन इस पर कोई भी खुलकर बोलने को तैयार नहीं था। दो दिन पहले बेहट कोतवाली में तैनात सिपाही प्रवीण कुमार ने अवैध खनन और खनिज के परिवहन की पोल खोलकर रख दी। उसने अवैध रूप से खनिज लेकर आए थे तीन ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़ने के बाद कोतवाली लाकर खड़ा कर दिया था और अपना एक वीडियो बनाकर वायरल किया था, जिसमें उसने अवैध खनन एवं खनिज के परिवहन में पुलिसकर्मियों के नामों का खुलासा किया था। उसने आरोप लगाया कि बेहट थाना प्रभारी एवं दरोगा अवैध खनन एवं खनिज का परिवहन बड़े पैमाने पर करा रहे है। सीओ, खनन विभाग के अधिकारी, एसडीएम एवं अन्य अधिकारी सब कुछ जानते हुए भी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। उसने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक छोटे सिंह पर अवैध खनिज से भरी ट्रैक्टर-ट्राली रोकने पर जेल भेजने की धमकी देने का भी आरोप लगाया और दो वीडियो वायरल कर दिए। पूरे मामले में अपनी किरकिरी होती देख अधिकारियों ने सिपाही की ही घेराबंदी कर दी और पुराने इतिहास को खंगालकर मामले तलाशे गए और जांच बैठा दी गई। उसे लापरवाही एवं इस प्रकार की शिकायतें करने का आरोप लगाया गया। आखिरकार शुक्रवार को अवैध खनन के खिलाफ बड़ा खुलासा करने वाले सिपाही प्रवीण कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया, जबकि अवैध खनन एवं खनिज का परिवहन कराने के आरोपों से घिरे पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया गया। इस मामले में सिपाही प्रवीण का कहना है कि उसे अवैध खनन में लिप्त पुलिसकर्मियों के खिलाफ आवाज उठाने का खामियाजा भुगतना पड़ा है, लेकिन वह डरने वाला नहीं है। वह आखिर तक लड़ेगा। चाहे उसे माननीय न्यायालय की शरण में ही क्यों न जाना पड़े।

-- पहले भी इस तरह की हरकतें कर चुका है
एसएसपी उपेंद्र कुमार अग्रवाल का कहना है कि सिपाही पहले भी इस तरह की बेवजह हरकतें करता रहा है। उसे लाइन हाजिर किया गया है और आगे भी उसकी जांच कराई जाएगी। उसने जिन लोगों पर आरोप लगाए हैं उनकी भी जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

------------------
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें