सहारनपुर। कचहरी परिसर में स्थित अधिवक्ताओं के चैंबर में तड़के आग लग जाने से चार चैंबरों में रखा फर्नीचर एवं अन्य सामान जलकर राख हो गया। दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
बृहस्पतिवार को सुबह अचानक कचहरी परिसर में गेट के निकट स्थित चेंबरों में अचानक आग लग गई। कचहरी से धुआं उठता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक आग ने चार अधिवक्ताओं फैजान अली, नौशाद आलम, पूरन चंद और पुष्कर शर्मा के चैंबरों को अपनी चपेट में ले लिया था। दमकल कर्मियों ने आग को बढ़ने से रोका और लगभग आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग से चैंबरों में रखा फर्नीचर जल गया।