छुटमलपुर (सहारनपुर)। यूपी के पूर्व काबीना मंत्री एवं एमएलसी साहब सिंह सैनी ने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में पूरे देश से भाजपा का सफाया हो जाएगा। महा गठबंधन के प्रत्याशियों के सामने एनडीए प्रत्याशी कहीं भी नहीं टिक पाएंगे। यूपी में उप चुनाव के नतीजों ने यह बात साबित कर दी है।
मो. मुजतबा के निवास पर आयोजित बैठक में सपा एमएलसी ने कहा कि सपा और बसपा के गठबंधन को यूपी के लोगों ने हाथों हाथ लिया है। यदि इसमें कांग्रेस और रालोद भी शामिल हो जाएं तो देश भर से भाजपा का सफाया तय है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के नजदीकी लोग बैंकों का अरबों रुपया लेकर भाग गए हैं। झूठे सपने दिखा कर सत्ता में आने वाली भाजपा की असलियत लोग समझ चुके हैं। किसान आत्महत्या कर रहा है और धांधली को लेकर शांति पूर्ण प्रदर्शन करने वाले बेरोजगार युवाओं पर लाठियां भांजी जा रही है। मो. मुजतबा ने कहा कि भाजपा सरकार युवा वर्ग को रोजगार देने में विफल साबित हुई है। काला धन वापसी के मुद्दे पर भी सरकार को मुंह की खानी पड़ी है। जीएसटी और नोटबंदी ने देश के व्यापारियों की आर्थिक कमर तोड़ दी है।
अब्दुल हसीब, चौ. धर्मेंद्र, सुबोध कुमार, रितिक कुमार, चौ. बबलू, मोनू, बाबू, जमील अहमद, आमिर, यूसुफ, मुकर्रम मलिक, राव यूसुफ आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।