सहारनपुर। स्वच्छ भारत मिशन में लापरवाही बरतने पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाई। उन्होंने निर्धारित समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन ने बुधवार को विकास भवन सभागार में ग्राम सचिवों और सहायक विकास अधिकारियों की बैठक लेकर स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिले को जून माह तक खुले में शौच से मुक्त कर ओडीएफ घोषित किया जाना है। शासन ने अक्टूबर 2018 तक का समय दिया हुआ है। मगर, हमारी प्राथमिकता है कि जून तक सभी कार्यों को पूरा कर लिया जाए। जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार ने जानकारी दी कि जिले की 887 ग्राम पंचायतों में अब तक 430 ग्राम पंचायतों को खुले में शौच से मुक्त कर दिया गया है। बाकी ग्राम पंचायतों में शौचालय बनाए जाने के कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कर लिया जाएगा। सीडीओ ने सहायक ग्राम विकास अधिकारी नागल और नानौता को लापरवाही बरतने पर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय में काम पूरा नहीं किया तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी। जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार ने काम तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लापरवाही किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।