20 से 24 तक होगा शिक्षकों का प्रशिक्षण
सहारनपुर। परिषदीय अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों का प्रशिक्षण 20 से 24 मार्च तक अलग-अलग विकास खंडों में होगा। प्रशिक्षण के लिए मास्टर ट्रेनर निर्धारित किए गए हैं। साथ ही 26 मार्च को यूआरसी नुमाइश कैंप में चयन समिति के द्वारा काउंसिलिंग की जाएगी, जिसमें शिक्षकों को विकल्प भरकर देने होंगे।
शासन के आदेश के तहत प्रत्येक ब्लॉक में पांच-पांच सरकारी स्कूलों को अंग्रेजी माध्यम का किया जाना है। इन स्कूलों के लिए शिक्षकों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। जिनकी परीक्षा से लेकर साक्षात्कार तक किए जा चुके हैं। साक्षात्कार में सफल शिक्षकों को 20 से 24 मार्च तक ब्लॉकों में मास्टर ट्रेनर्स के द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण बीआरसी बेहट, बीआरसी नकुड़, बीआरसी नानौता, बीआरसी नागल और यूआरसी नुमाइश कैंप में होगा। मास्टर ट्रेनर क्रमश: अरविंद कुमार यादव और भावना पांडेय, कपिल दुआ और रचना चौहान, अरुण त्यागी और अनुज गुप्ता, चारू माहेश्वरी और नीलू चौपश़ा तथा गुंजन तिवारी और प्रीति रहेंगी। साथ ही चयनित शिक्षक 26 मार्च को यूआरसी नुमाइश कैंप में होने वाली काउंसिलिंग में हिस्सा लेंगे। काउंसिलिंग चयन समिति के द्वारा ली जाएगी, जो सुबह दस बजे शुरू होगी। काउंसिलिंग में विकल्प भरकर देने होंगे, जिनमें से स्कूलों की आवंटन शिक्षकों को किया जाएगा। बीएसए रमेंद्र कुमार ने संबंधित शिक्षकों को काउंसिलिंग में शामिल होने के निर्देश दिए हैं। उधर, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष संदीप सिंह पंवार के नेतृत्व में डायट प्राचार्य राज सिंह यादव से मिला। उन्होंने अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में नियुक्त होने वाले शिक्षकों को नकदीकी व इच्छित स्कूलों में नियुक्ति देने की मांग की।