देवबंद (सहारनपुर)। होली के त्योहार के मद्देनजर तहसील परिसर में शुक्रवार को हुई शांति समिति की बैठक में अधिकारियों ने शांति भंग करने वालों से सख्ती से निपटने का संदेश दिया। बैठक में रंगों के त्योहार होली को मिलजुलकर मनाने का आह्वान किया गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सिद्धार्थ सिंह ने कहा कि सभी त्योहार हमारी संस्कृति का हिस्सा होते हैं, इसलिए इन्हें मिलजुलकर मनाना चाहिए। कोई भी काम ऐसा नहीं करना चाहिए, जिससे शांति व्यवस्था खराब हो। उन्होंने चेताया कि यदि त्योहार के अवसर पर असामाजिक तत्व माहौल को खराब करने का प्रयास करेंगे, तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कोतवाल पंकज कुमार त्यागी ने कहा कि सभी लोगों की जिम्मेदारी बनती है कि वह अपने-अपने क्षेत्र माहौल खराब करने वालों पर पैनी नजर रखें। कोई शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। अपना विचार मंच के अध्यक्ष नजम उस्मानी ने कहा कि देवबंद हमेशा से हिंदू मुस्लिम एकता की नगरी रही है, जिसमें सभी लोग सभी त्योहारों को मिलजुलकर मनाते हैं। उस्मानी ने अतिक्रमण की समस्या से निजात दिलाने की मांग की। भाजपा नेता राकेश गांगुली, जमाल नासिर, चौधरी ओमपाल सिंह और नेता मजाहिर हसन ने होली के त्योहार पर बिजली पानी की समुचित व्यवस्था करने को कहा। अध्यक्षता सीओ सिद्धार्थ व संचालन अंसार मसूदी ने किया। इस मौके पर सेठ कुलदीप कुमार, पप्पू प्रधान, राजकुमार जाटव, सभासद मुस्तकीम, आरिफ, अजय त्यागी, नितिन गुप्ता, सलीम कुरैशी, रामकिशन सैनी आदि मौजूद रहे।