सभासद को हिरासत में लेने पर भाजपाइयों का हंगामा
देवबंद (सहारनपुर)। नवनिर्वाचित भाजपा सभासद को पुलिस द्वारा हिरासत में लेने को लेकर सोमवार रात भाजपाइयों ने कोतवाली में जमकर हंगामा किया। इसके बाद पुलिस ने सभासद को कोतवाली से जमानत पर रिहा कर दिया। सभासद पर रामपुर मनिहारान निवासी ट्रक चालक के परिजनों ने अपहरण का आरोप लगाया था।
नगर की चौधरी कालोनी निवासी भाजपा सभासद धारा सिंह ने रामपुर मनिहारान निवासी एक युवक को पिछले कई वर्षों से अपने ट्रक पर चालक रखा है। इस दौरान दोनों के बीच पैसे के लेन-देन का विवाद हो गया। सोमवार को धारा सिंह अपने कुछ साथियों के साथ इस चालक को वार्ता के लिए रामपुर मनिहारान से देवबंद लेकर आया था। इस पर उसके परिजनों ने पुलिस को सूचना दी कि भाजपा सभासद उसके बेटे का अपहरण करके ले गए। तुरंत हरकत में आई रामपुर मनिहारान पुलिस देवबंद पहुंची और दबिश देकर सभासद समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।
सभासद समेत तीनों लोगों को देवबंद कोतवाली में बैठाने की जानकारी मिलते ही भाजपाइयों में रोष फैल गया। कुछ देर बाद ही नगर अध्यक्ष गजराज सिंह राणा के नेतृत्व में भाजपाई कोतवाली पहुंचें और सभासद को छोड़ने की बात करने लगे। पुलिस ने मामला रामपुर मनिहारान से जुड़ा होने के चलते उच्चाधिकारियों से बात करने को कहा। इस पर भाजपाइयों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने वहां हंगामा करना शुरू कर दिया। करीब पांच घंटे तक वे हंगामा करते रहे। इस बीच कुछ लोगों ने सभासद को कोतवाली से जबरन ले जाने का प्रयास भी किया।
इसके चलते भाजपा नेताओं और पुलिसकर्मियों के बीच जमकर बहस भी हुई। बाद में भाजपा सांसद राघव लखनपाल शर्मा और विधायक कुंवर ब्रिजेश के उच्चाधिकारियों से वार्ता करने के बाद ही पुलिस ने सभासद को कोतवाली से जमानत पर रिहा किया। नगर अध्यक्ष गजराज राणा ने आरोप लगाया कि पुलिस जानबूझकर भाजपा नेताओं को परेशान कर रही है। उसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली से सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अवगत कराया जाएगा।