गंगोह (सहारनपुर)। गांव महंगी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में स्काउट गाइड शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें बालिकाओं ने उत्साह के साथ बढ़चढ़ कर भाग लिया।
स्काउट गाइड शिविर का उद्घाटन जिला स्काउट कमिश्नर अनिल भारद्वाज एवं गाइड जिला कमिश्नर दीपमाला चौधरी ने फीता काटकर किया। उन्होने कहा कि स्काउट गाइड की शिक्षा से बच्चों का विकास होता है। उन्होंने बच्चों को समाजसेवा और देश से प्रेम करने के लिए प्रेरित किया। शिविर में बालिकाओं को प्रार्थना, झंडागीत, प्रतिज्ञा नियम, कमांडो ब्रिज, प्राथमिक चिकित्सा, ध्वज शिष्टाचार, गांठें, तंबू निर्माण एवं रंगोली आदि के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई। बालिकाओं ने साहसिक गतिविधियों में भाग लिया और लोक नृत्य आदि रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। कमिश्नर अनिल भारद्वाज ने बालिकाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। सहायक कमिश्नर राजकुमार शर्मा, वार्डन मुकेश सैनी आदि रहे।