सहारनपुर। गंगोह के ग्राम सालियर में ग्राम प्रधान द्वारा कराए गए विकास कार्यों में लगभग 12 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितताएं पाए जाने पर ग्राम प्रधान साहब सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है। ग्राम पंचायत के तीन सदस्यों की कमेटी बनाकर ग्राम प्रधान का चार्ज दिया गया है। इस वित्तीय अनियमितता में ग्राम पंचायत अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी को भी हटा दिया गया है।
गंगोह विकास खंड के ग्राम सालियर में प्रधान द्वारा विकास कार्यों में अनियमितताएं बरतने की शिकायत की गई। जिसकी जांच के बाद 1195387 रुपये की वित्तीय अनियमितता सामने आईं। जिनमें शौचालय निर्माण, सड़कों, स्ट्रीट लाइटों समेत अन्य विकास कार्यों में गबन के आरोप लगाए गए। प्रथम जांच में वित्तीय अनियमितताएं सामने आने पर ग्राम प्रधान साहब सिंह को पद से हटा दिया गया। साथ ही वित्तीय अनियमितताओं में ग्राम पंचायत अधिकारी राकेश कुमार को निलंबित कर दिया गया, जबकि ग्राम विकास अधिकारी विकास कुमार को निलंबित करने की संस्तुति की गई है। जिससे अन्य ग्राम प्रधानों में खलबली मची हुई है। डीएम ने इस वित्तीय अनियमितताओं की अंतिम जांच जिला समाज कल्याण अधिकारी को दी है।
वित्तीय अनियमितताएं मिलीं
जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया हुई जांच में 1195387 रुपये की वित्तीय अनियमितताएं सामने आईं हैं। जिस कारण ग्राम प्रधान को पद से हटा दिया गया है। दोनों पंचायत अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।
कोई वित्तीय अनियमितता नहीं हुई
ग्राम प्रधान साहब सिंह का कहना है कि उन्होंने गांव में ईमानदारी से कार्य कराया है। गांव में विरोधी पक्ष के लोगों द्वारा गलत आरोप लगाकर शिकायत की है। अंतिम जांच में सच सामने आ जाएगा।