गन्ना आयुक्त से टोडरपुर मिल चलवाने की मांग
चिलकाना। यमुना खादर कल्याण समिति ने गन्ना आयुक्त को ज्ञापन भेजकर तीन वर्षों से बंद पड़ी टोडरपुर मिल को चलवाने के साथ ही गांव पंचकुआ से गन्ना क्रय केन्द्र यथावत रखने की मांग की है।
समिति के अध्यक्ष एडवोकेट ओमी पंवार और सचिव सुमेर चंद कपिल 12 सितंबर को लखनऊ में हुई गन्ना रिजर्वेशन की बैठक के बाद प्रदेश के गन्ना आयुक्त संजय आर भूसरेड्डी से मिले। उन्हें अवगत कराया कि खादर क्षेत्र में स्थापित एकमात्र टोडरपुर चीनी मिल 2013-14 से बंद पड़ी है। चीनी मिल प्रबंध तंत्र ने मिल को रुग्ण बताकर वर्ष 2013-14 में कुछ दिन चलाकर बंद कर दिया था। इस चीनी मिल से करीब 35 हजार लोग जुडे़ हैं। जबसे चीनी मिल बंद हुई तब से क्षेत्र में गन्ने की पैदावार कम हो गई है।
उन्होंने कहा कि गन्ना किसान आर्थिक रूप से पूरी तरह टूट चुका है। क्षेत्र का गन्ना जनपद की कई चीनी मिलों को भेजा जाता है। किसानों को अपने गन्ने का सही मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है। गन्ना आयुक्त से टोडरपुर की चीनी मिल इसी सीजन से चलवाने की मांग करते हुए ज्ञापन दिया गया। गन्ना आयुक्त ने इस संबंध में शासन को अपनी संस्तुति करने का आश्वासन दिया।
उधर, समिति ने गन्ना आयुक्त से गांव पंचकुआ में सरसावा चीनी मिल के गन्ना क्रय केन्द्र को गत वर्ष की तरह ही स्थापित करने की मांग की है। सरसावा चीनी मिल नजदीक है तथा इस केंद्र के स्थापित होने से गांव के किसानों को लाभ मिलेगा। गन्ना आयुक्त ने इस मांग पर सहमति व्यक्त की है।