सहारनपुर। यातायात सुरक्षा सप्ताह के तहत पुलिस ने वाहनों की चेकिंग का अभियान चलाया तो शहर की प्रमुख सड़कों पर जाम लग गया। पुलिस ने सड़कों पर ही वाहनों को रुकवा दिया। जाम में फंसकर लोग सुबह अपने दफ्तर को भी लेट हो गए। जिस पर लोगों ने आक्रोश भी जताया। पुलिस ने अभियान के दौरान जिले भर में शनिवार की शाम तक 148 वाहनों का चालान किया, 19 वाहनों को सीज किया और 112300 रुपये का जुर्माना वसूल किया।
शनिवार को सुबह से ही पुलिस ने प्रमुख सड़कों पर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। अव्यवस्था उस समय फैलने लगी जब पुलिस ने सड़क पर ही वाहनों को रोक कर चेकिंग करनी शुरू कर दी। कुछ ही देर में सड़कों पर जाम नजर आने लगा। दोपहर तक हसनपुर चौकी के निकट, कोर्ट रोड, कचहरी पुल के नजदीक, घंटाघर, देहरादून तिराहा, अंबाला रोड पुल के नजदीक जाम लग गया। सुबह से लगे जाम में फंसने के चलते लोग अपने काम पर जाने के लिए भी लेट हो गए। जिसको लेकर हसनपुर चौकी, कोर्ट रोड पुल, घंटाघर पर यातायात पुलिस से नोकझोंक भी हुई। लोगों का कहना था कि चेकिंग के लिए ऐसी जगह निर्धारित की जानी चाहिए, जिससे सड़क पर यातायात अवरुद्ध न हो सके। वाहनों को एक ओर ले जाकर उनके कागजों की चेकिंग की जा सकती है। लेकिन पुलिसकर्मी बीच सड़क पर ही वाहनों को रोक कर चेकिंग कर रहे हैं।
शनिवार को चलाए गए अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने 148 वाहनों का चालान काटा और 19 वाहनों को सीज कर दिया। साथ ही 112300 रुपये का जुर्माना भी वसूल किया। जबकि शुक्रवार की शाम तक यातायात पुलिस ने लगभग 2500 वाहनों का चालान कर 4 लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया था।
यातायात उप निरीक्षक तेजप्रताप सिंह ने बताया कि चेकिंग सड़कों के किनारे ही की जा रही है। प्रयास किया जा रहा है कि कहीं भी चेकिंग के कारण जाम न लगने पाए।
--। देहात कोतवाली के पास हुआ हंगामा
सहारनपुर। देहात कोतवाली के निकट वाहनों की चेकिंग के दौरान एक नेताजी ने जमकर हंगामा किया। बताया जाता है कि पुलिस ने चेकिंग के लिए कार को नेताजी की दुकान के सामने लगा दिया। नेता ने दुकान के सामने से गाड़ी को हटाने के लिए पुलिसकर्मी से कह दिया। जिस पर दोनों में जमकर नोकझोंक हुई। नेता ने पुलिसकर्मी पर उसकी गाड़ी पर लगा पार्टी का झंडा फाड़ने की धमकी देने का आरोप लगाया, जबकि पुलिसकर्मी ने नेता पर पूरे थाने की वर्दी उतरवाने की धमकी देने का आरोप लगाया। बाद में लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।