कई घंटे बिन बिजली बेहाल रहा शहर
सहारनपुर। पावर कारपोरेशन की ओर से शुक्रवार को रेगुलर शेड्यूल के साथ ही इमरजेंसी कट बढ़ाते हुए कई घंटे बिजली आपूर्ति ठप करने से पूरा शहर बेहाल रहा। नगर की पांच लाख से भी अधिक की आबादी पूरा दिन आपूर्ति सुचारु होने का इंतजार करती रही। लेकिन सुबह से देर शाम तक बिजली आंख मिचौली करती रही। पिछले कुछ दिन से लखनऊ से अचानक आए कट के आदेश लोगों के लिए बड़ी आफत दिलाने वाले रहे।
पावर कारपोरेशन की ओर से इन दिनों रोजाना दो रेगुलर शेड्यूल में बिजली कटौती की जा रही है। मगर पिछले कुछ दिनों से बिजली का शेड्यूल बिगड़ा हुआ है। दिन और रात में मिलाकर कटौती करीब आठ घंटे की जा रही है। उधर, गांवों में हालात ज्यादा खराब है। बिजली नहीं मिलने से बेहाल लोग अपने अपने क्षेत्रों के बिजलीघरों, अवर अभियंताओं, लाइनमैनों को फोन करके कारण पूछते रहे। मगर, ज्यादातर अधिकारियों के फोन तक नहीं उठे। अधीक्षण अभियंता आरके सिंह का कहना है कि ग्रिड से पर्याप्त बिजली मुहैया नहीं होने के कारण दिक्कत आ रही है। शायद यह समस्या एकाध दिन में समाप्त हो जाए।
बिजली कटौती से परेशानी
शिवरात्रि पर बिजली नहीं मिलने से शहर के लोगों को काफी परेशानी हुई है। लखनऊ से इमरजेंसी कट के आदेश के चलते कटौती का समय और बढ़ गया। उम्मीद की जा रही है कि बिजली पटरी पर लौटेगी। मगर, अधिकारी कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैँ। ऐसे में लोगों में बिजली निगम के अफसरों के प्रति गुस्सा भी है।