नगर निगम में जनसुनवाई करती नगरायुक्त ग़जल भारद्वाज
सहारनपुर। नगर निगम के सभागार में आयोजित जन सुनवाई शिविर में 14 शिकायतें आईं। इनमें से चार का मौके पर ही निस्तारण किया गया। नगर आयुक्त गजल भारद्वाज ने जन समस्याओं का गंभीरता के साथ समयबद्घ निस्तारण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
हाजी शाह दरगाह के सचिव सईद अहमद सिद्दीकी व दिलशाद अहमद ने बाबा लालदास रोड स्थित हाजीशाह कमाल की दरगाह में लोगों के बैठने के लिए दस बैंच लगवाने की मांग की। पूर्व पार्षद प्रदीप उपाध्याय ने वार्ड 39 में पेयजल की लाइन में रिसाव की समस्या से अवगत कराते हुए ठीक कराने की मांग की। नगरायुक्त ने अधिकारियों को निरीक्षण कर समाधान कराने के निर्देश दिए। सिराज कॉलोनी की शाहिना परवीन ने कॉलोनी के कब्रिस्तान में झाड़ियों की साफ सफाई कराने की मांग की। मोनिका चड्ढा ने वार्ड 40 में नालों की सफाई कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। फहाद सलीम ने सिराजान कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट तथा वार्ड आठ की प्रगति विहार में ईएसएल की सोडियम लाइट लगवाने की मांग की। आलोक अरोड़ा ने जेसी पार्क के निकट बिजली का खंभा हटवाने तथा सफाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया। जनसुनवाई में अपर नगरायुक्त राजेश यादव, एसके तिवारी सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।