सहारनपुर। मीना हत्याकांड में देहात कोतवाली पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली। जिसके आधार पर पुलिस जल्द हत्याकांड का खुलासा करेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या करने की बात सामने आई है। हत्या करने के बाद शव को बोरी में भर कर फेंका गया था।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव शंकरगढ़ माजरा निवासी मीना (45) पत्नी राजू रायवाला बाजार निवासी एक व्यापारी के घर खाना बनाने का काम करती थी। मीना को रविवार की सुबह उसका पुत्र व्यापारी के घर छोड़कर आया था। मगर, शाम को वह घर नहीं लौटी। व्यापारी ने परिजनों को बताया था कि मीना शाम के समय काम निपटाकर चली गई थी, लेकिन वह घर नहीं पहुंची। सोमवार की दोपहर मीना का शव बोरे के अंदर दतौली रांघड़ मार्ग पर पड़ा मिला था। इस मामले में पुलिस ने 20 से अधिक लोगों से पूछताछ की है। जिनसे कुछ सुराग मिले हैं। फोन कॉल डिटेल के आधार पर भी पुलिस को जांच में कुछ अहम जानकारी मिली है। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। पुलिस को जांच में कुछ अहम जानकारी मिली है। जल्द हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।