सहारनपुर। अधिवक्ताओं ने वेस्ट यूपी में हाईकोर्ट बेंच स्थापित करने की मांग को लेकर सांसद राघव लखनपाल शर्मा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि पिछले 40 वर्षों से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 22 जिलों के अधिवक्ता आंदोलनरत हैं।
मंगलवार को दिए ज्ञापन में सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन, सहारनपुर कलक्ट्रेट बार संघ, सहारनपुर टैक्स एसोसिएशन ने कहा कि हाईकोर्ट बेंच की स्थापना को लेकर चल रहे आंदोलन को वेस्ट यूपी के तमाम वर्गों का समर्थन प्राप्त है। क्षेत्र की 12 करोड़ जनसंख्या की इस मांग को सभी सक्षम मंचों पर उठाया जा चुका है। इसके बावजूद केंद्र या प्रदेश सरकार ने इस बारे में कोई सार्थक निर्णय नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में हाईकोर्ट की पहले तीन बेंच थी, अब चौथी बेंच भी कोल्हापुर में स्थापित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि यह बेंच मात्र पांच जिलों के लिए दी गई है, जबकि वेस्ट यूपी में 22 जिलों के लिए हाईकोर्ट बेेंच स्थापित करने की मांग को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए एक हाईकोर्ट बेंच स्थापित करने की मांग की।
अध्यक्ष अरविंद शर्मा, महासचिव स्वराज सिंह, अनिल कुमार माहेश्वरी, जमाल साबरी, अभय सैनी, अमित कुमार, दलजीत कोचर, विवेक शर्मा, विवेक कौशिक, अनीस अहमद, महरोज सिंह, अब्दुल कुद्दुस, कमाल राव आदि रहे।