ट्रक ने बाइक सवारों को कुचला, एक की मौत
सहारनपुर। शहर के बीचोबीच स्थित घंटाघर पर अंबाला की ओर से तेजी से आ रहे ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। जिससे एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
बुधवार की रात लगभग साढ़े आठ बजे घंटाघर पर नेहरू मार्केट की तरफ से बाइक सवार बेहट के ग्राम पानसर निवासी यशपाल (40 वर्ष) एवं मानसिंह (25 वर्ष) आ रहे थे। जैसे ही उन्होंने घंटाघर चौराहे को पार करने का प्रयास किया। उसी समय अंबाला की ओर से तेजी से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े, ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने यशपाल (40 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया, जबकि मानसिंह की हालत खराब बताई जा रही है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। जबकि मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया।
-- रबड़ फैक्ट्री में आग से लाखों का नुकसान
सहारनपुर। देहात कोतवाली के बेहट रोड स्थित गांव माहेश्वरी में रबड़ फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। दमकल की गाड़ियों ने करीब चार घंटे में आग पर काबू पाया। तब तक लाखों रुपये की मशीनरी व अन्य सामान जल कर राख हो गया। दमकल की गाड़ियों पर तैनात अग्नि शमन कर्मचारियों की मदद से करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फैक्ट्री मालिक के मुताबिक घटना में लाखों का नुकसान हुआ है।