सहारनपुर। यूट्यूब लोगों के लिए अपनी बात, अपनी कला और हुनर को दुनिया के सामने रखने का बेहतर और प्रभावी माध्यम बन चुका है। कई लोग यूट्यूब के माध्यम से कमाई भी कर रहे हैं, लेकिन सहारनपुर के श्रेय गुप्ता को यूट्यूब ने फर्श से अर्श पर पहुंचाने का काम किया है। नगर विधायक समेत शहर के तमाम खेल प्रेमी श्रेय गुप्ता को मिले अविश्वसनीय तोहफे को लेकर काफी उत्साहित हैं।
जिला जूडो संघ के संरक्षक एसी गुप्ता के पौत्र श्रेय गुप्ता फुटबॉल के अच्छे खिलाड़ी हैं। फुटबॉल प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन के साथ ही वह गुडविल विजिटर के रूप में जर्मनी का भी दौरा कर चुके हैं। श्रेय गुप्ता ने फुटबॉल खेलने की अपनी कई वीडियो यूट्यूब पर डाली हुई है। यूट्यूब पर श्रेय की वीडियो देखकर अमेरिका के इलिनॉएस स्थित नॉक्स कॉलेज के प्रबंधन के लोग काफी प्रभावित हुए। जिसके बाद उन्होंने यूट्यूब के माध्यम से श्रेय गुप्ता का संपर्क सूत्र प्राप्त कर श्रेय के परिवार से संपर्क किया। कॉलेज ने श्रेय गुप्ता को अपने यहां पढ़ाने का ऑफर किया है। साथ ही श्रेय को सॉकर स्कॉलरशिप देने की भी बात कही है। स्कॉलरशिप के तहत श्रेय चार साल तक नॉक्स कॉलेज से बिजनेस और अन्य विषयों की पढ़ाई करेंगे। साथ ही फुटबॉल का प्रशिक्षण भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षकों से पाएंगे। इन चार साल में कॉलेज श्रेय को करीब एक करोड़ रुपये की स्कॉलरशिप भी देगा। श्रेय की इस उपलब्धि को लेकर खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। सोमवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में नगर विधायक संजय गर्ग, जूडो के अंतरराष्ट्रीय रेफरी दीपक गुप्ता, पंकज बंसल, फुटबॉल संघ सचिव अब्दुल अहद, अलंकार किशोर, एमके मोहिंद्रा, रविकांत धीमान, अरविंद रागी, आशुतोष गुप्ता, लेगसिंह पुंडीर, मंजू जैन, प्रवीण यादव, काशीनरेश यादव, अनिल अग्रवाल, दलीप वर्मा, धीरज जैन, नौशाद सेफी, अगमदीप वर्मा, बाबूराम सैनी आदि ने सम्मानित किया।
--------------------------------------
यूट्यूब पर शरद मयूर का तीसरा गाना लांच
सहारनपुर। जनपद निवासी शरद मयूर ने यूट्यूब पर अपना तीसरा गाना लांच किया है। गाना दिल ना दो नाम से है, जिसके बोल शरद ने लिखे हैं और आवाज भी उन्होंने ही दी है। म्यूजिक विवेक आर्यन का है। शरद ने बताया कि उसे बचपन से गाने का शौक है। उसने संगीत की शिक्षा कुरुक्षेत्र और दिल्ली से ली। इसके बाद वर्ष 2013 और 2016 में अपने दो गीत यूट्यूब पर लांच किए। दोनों गीतों की सफलता के बाद उन्होंने तीसरा गाना लांच किया है। कला प्रेमियों ने शरद को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।