सहारनपुर। रेलवे लाइनों पर मरम्मत के कार्य के चलते लगातार लिए जा रहे ब्लॉक ने यात्रियों के लिए परेशानी खड़ी कर दी है। रविवार को सहारनपुर-अंबाला के बीच लिए गए चार घंटे के ब्लॉक से यात्री दिन भर परेशान रहे। कई ट्रेनें कैंसिल भी रहीं। भीषण गर्मी में यात्री शाम तक स्टेशन पर बैठकर ट्रेनों का इंतजार करते रहे।
रविवार को सहारनपुर-अंबाला के बीच रेलवे ट्रैक पर मरम्मत का कार्य कराया गया। जिसके चलते रेलवे ने चार घंटे का ब्लॉक लिया था। ब्लॉक पूर्वाह्न 11.50 बजे शाम 3:50 बजे तक रहा। जिस कारण इस रूट पर चलने वाली ट्रेनों को कैंसिल किया गया। जिसमें अंबाला-सहारनपुर मैमो, सहारनपुर-अंबाला पैसेंजर ट्रेन को कैंसिल रखा गया। इसके अलावा मेरठ-अंबाला और हजरत निजामुद्दीन पैसेंजर सहारनपुर तक ही चली। अंबाला की ओर नहीं बढ़ सकी। यहीं से ही वापस कर दिया गया।
अंबाला की ओर जाने वाली ट्रेनों के कैंसल रहने से यात्रियों को भीषण गर्मी में मुसीबत झेलनी पड़ी। दिन भर यात्री स्टेशन पर बैठकर ट्रेनों का इंतजार करते रहे।
वरिष्ठ स्टेशन अधीक्षक शिवपाल सिंह का कहना है कि रेलवे ट्रैक पर मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। इसलिए थोड़े-थोड़े समय का ब्लॉक लिया जा रहा है। जिससे महत्वपूर्ण ट्रेनें प्रभावित न हो सकें।