सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बंद बिड़वी चीनी मिल, डार्क जोन और पापुलर प्लांट के लोकल मुद्दे उठाकर मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने चीनी मिल बेचकर घोटाला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। यह चीनी मिल इसी सत्र से चालू कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कैराना उप चुनाव के मद्देनजर इलाके के लोकल मुद्दों का पूरी तरह अध्ययन करके आए थे। विपक्षियों पर पलटवार और सरकार की उपलब्धियों को गिनाने के साथ इलाके के लोकल मुद्दों को एक एक करके उठाया। यही नहीं जनता-जनार्दन से भी हां और ना कराई। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकार ने सहारनपुर की बिड़वी चीनी मिल समेत कई मिलों को औने-पौने दामों में बेचकर इलाके के किसानों के साथ विश्वासघात किया था। उनकी सरकार चीनी मिलों को बेचने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं छोडे़गी, इसके लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यही नहीं बिड़वी चीनी मिल को चालू कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने सपा सरकार में डार्क जोन का नोटिफिकेशन हुआ था, जिससे किसानों को काफी दिक्कत हुई थी। सरकार ने पूरे प्रदेश में डार्क जोन को समाप्त कर दिया। सहारनपुर के किसानों को डोल के बीच लगाए जाने वाले पापुलर को बेचने के लिए हरियाणा जाना पड़ता है, मगर सरकार ने क्षेत्र की आरा मशीनों के लाइसेंस को सरलीकरण के साथ यहां पापुलर प्लांट लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सीएम योगी ने बकाया गन्ना भुगतान के भी आंकड़े पेश किए। उन्होंने कहा कि जिन चीनी मिलों पर बकाया है। उसका भुगतान कराने की कार्रवाई चल रही है। सरकार किसानों की एक-एक पाई उनके खाते में पहुंचाने का काम करेगी।