शैली चौधरी को मिला प्यारी मां का खिताब
देवबंद (सहारनपुर)। दून वैली पब्लिक स्कूल में मदर्स-डे का आयोजन किया गया। जिसमें नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मां पर कविताएं, गीत, डांस तथा भाषण की प्रस्तुति देकर सबका दिल जीत लिया।
कार्यक्रम में आमंत्रित बच्चों की माताओं ने आकर्षक परिधान में रैंप पर कैटवॉक कर सबका ध्यान अपनी तरफ आकर्षित कर लिया। मदर्स के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों के आयोजन एवं नर्सरी के बच्चों के साथ उनके सामूहिक नृत्य ने समारोह को भव्यता प्रदान की। प्यारी मां का खिताब शैली चौधरी को मिला। प्रतियोगिता में शैली चौधरी प्रथम, मीनाक्षी द्वितीय और नगमा तृतीय स्थान पर रही। प्रधानाचार्य सीमा शर्मा ने कहा कि मां ही बच्चों की प्रथम गुरु होती है। बच्चे के कहे बिना ही उसकी सभी जरूरतों को पूरा कर देती है। इसलिए मां बच्चे के लिए सबसे बड़ा उपहार होती है। उसका संपूर्ण जीवन माता के हाथों ही निर्मित होता है। सीमा शर्मा ने कहा कि माताओं को बच्चों की हर गतिविधि को सरल और मनोरंजक बनाते हुए उसमें शामिल होकर बच्चों को मेधावी बनाने में योगदान करना चाहिए। चेयरमैन राजकिशोर गुप्ता ने भी विचार रखे।