साढ़ौली कदीम (सहारनपुर)। गड्ढा मुक्त सड़क योजना के अंतर्गत बनाई गई सड़क निर्माण के दूसरे दिन ही गड्ढों में तब्दील होती नजर आ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी कर मात्र लीपापोती कर दी गई।
विकास खंड साढ़ौली कदीम के अंतर्गत पूर्वी यमुना नहर से निकाले गये टांडा रजवहे की पटरी पर लगभग 25 वर्ष पूर्व सड़क निर्माण कराया गया था। वर्षों से यह सड़क जर्जर पड़ी थी। गड्ढा मुक्त सड़क योजना के अंतर्गत इस वर्ष नहर विभाग द्वारा पूर्वी यमुना नहर से इस रजवहे की पटरी पर 16 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। यह सड़क बनते ही दूसरे दिन टूटती नजर आ रही है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी कर लीपापोती की जा रही है। इससे सड़क बनते ही अगले दिन टूटती जा रही है।
इस संबंध में नहर विभाग के जेई आनंद कुमार का कहना है कि स्थानीय ग्रामीण नई बनी सड़क पर लगातार ओवरलोड वाहन दौड़ा कर उसे ध्वस्त कर रहे हैं। कुछ स्थानों पर तो किसानों ने सड़क के ऊपर से पानी निकालकर गहरे गड्ढे बना दिए हैं। जल्द ही ऐसे किसानों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराकर कार्रवाई कराई जाएगी।