सहारनपुर। जम्मू-कश्मीर के कठुआ कांड के विरोध में सोशल मीडिया पर मुस्लिम संगठनों के भारत बंद के आह्वान पर शुक्रवार को पुलिस सतर्क रही है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस एवं पीएसी भ्रमण करती रही। बंद का तो कोई असर नहीं रहा, लेकिन जिले भर में जुमे की नमाज में देश में शांति के लिए दुआएं की गई।
कठुआ कांड के विरोध में जम्मू-कश्मीर के कुछ मुस्लिम संगठनों द्वारा सोशल मीडिया पर 20 अप्रैल को भारत बंद किए जाने का प्रचार कई दिन से चल रहा है। बंद के आह्वान को पुलिस एवं प्रशासन ने गंभीरता से लेकर जिले भर में अलर्ट जारी कर दिया। शहर के प्रमुख चौराहों घंटाघर, सराफा बाजार, जामा मस्जिद क्षेत्र समेत संवेदनशील स्थानों पर पुलिस एवं पीएसी तैनात कर दी गई। मुस्लिम क्षेत्रों एवं बाजारों में पुलिस अधिकारियों एवं खुफिया विभाग भी मौजूद रहा। भारत बंद के आह्वान को जिले के मुस्लिमों ने कोई तवज्जो नहीं दी गई। कोई मुस्लिम संगठन भी समर्थन में नहीं आया। इससे पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली। उधर मुस्लिम संगठन इजलास-ए-आम ने जामा मस्जिद से जुमा की नमाज के बाद अमन चैन की दुआ कराई। अन्य स्थानों पर देश में अमन-चैन की दुआएं की गई।
सतर्कता बरती गई
सोशल मीडिया पर किए गए भारत बंद के आह्वान के चलते एहतियात के तौर पर जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था की गई। सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस तैनात रही। किसी भी मुस्लिम संगठन ने सोशल मीडिया पर हुए प्रचार को गंभीरता से नहीं लिया।
- प्रबल प्रताप सिंह, एसपी ुसिटी, सहारनपुर