सहारनपुर। उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल ने सहारनपुर से होकर गुजरने वाली बंद पड़ी सुपर एक्सप्रेस एवं पैसेंजर ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू कराए जाने की मांग की है।
मंगलवार को उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल का प्रतिनिधि मंडल प्रांतीय अध्यक्ष राधेश्याम नारंग के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन पहुंचा और महीनों से बंद पड़ी सुपर एक्सप्रेस एवं लखनऊ पैसेंजर को चलवाए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि लगभग चार महीने से जालंधर से नई दिल्ली जाने वाली सुुपर एक्सप्रेस 14682 एवं 14681 तथा 54232 एवं 54231 पैसेंजर रेलवे द्वारा कोहरे के चलते बंद की गईं थी, लेकिन गर्मी आने के बावजूद रेलवे द्वारा इन ट्रेनों को चलाने में रुचि नहीं ली गई है। रेलवे की लापरवाही से सहारनपुर के लोगों एवं व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारत कर्णवाल, वीरेंद्र बहल, अमित माहेश्वरी एवं राजीव फुटेला ने कहा कि सुबह 10 बजे के बाद शाम 4 बजे के बीच कोई ऐसी ट्रेन नहीं है कि सहारनपुर का यात्री एवं व्यापारी दिल्ली जा सके। उन्होंने इस बीच एक नई ट्रेन चलवाए जाने की मांग की। यही नहीं शाम 4 बजे से रात 12 बजे के बीच भी कोई एक्सप्रेस ट्रेन दिल्ली के लिए नहीं है। सिर्फ एक पैसेंजर ट्रेन है। पंकज कालड़ा, अनिल धारिया, विनीत कर्णवाल, मुकेश सेठी ने शाम को चार बजे सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली ट्रेन में भी इतनी भीड़ रहती है कि कई लोगों को टॉयलेट तक में खड़ा होना पड़ता है। इस गाड़ी में डिब्बों की संख्या बढ़ाई जाए। प्रांतीय अध्यक्ष राधेश्याम नारंग ने कहा कि किसी भी जन प्रतिनिधि ने चार महीनों से बंद ट्रेनों को चलवाए जाने के लिए कोई आवाज नहीं उठाई। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। प्रतिनिधि मंडल ने रेल मंत्री के नाम ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक शिवपाल सिंह को सौंपा है। ज्ञापन देने वालों में अमित माहेश्वरी, वीरेंद्र बहल, भारत कर्ण्सवाल, विनीत कर्णवाल, पंकज कालड़ा, राजीव फुटेला, जोगेंद्र सिंह ठकराल, दीपक जैन, राजीव तिवारी, अशोक कालिया, ज्ञानचंद सचदेवा, मुकेश सेठी, बलवीर छाबड़ा, कपिल बजाज, विजय खुराना, निखिल मित्तल, जुनैद खान, सुरेश मल्होत्रा, हारुन अलवी, अहसान मलिक, रमन नारंग, सुभाष धमीजा, रविकांत लूथरा मौजूद रहे।