सहारनपुर। सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ विभिन्न अनुसूचित जाति, जनजाति संगठनों के आह्वान पर सोमवार को भारत बंद का आयोजन किया जा रहा है। जिले में इसको लेकर धरना प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपे जाने का कार्यक्रम हैं। विभिन्न संगठन भारत बंद को सफल बनाने को लेकर देर रात तक तैयारियों में लगे रहे।
रविवार को भारतीय वाल्मीकि धर्मसमाज की हसनपुर में आयोजित बैठक में मंडल अध्यक्ष सोनू बिरला ने कहा कि एससी एसटी एक्ट को निष्प्रभावी करने के खिलाफ होने वाले भारत बंद का पूरा समर्थन किया जाएगा। कहा कि उच्चतम न्यायालय को इस पर पुनर्विचार करना चाहिए। उन्होंने वाल्मीकि समाज से भारत बंद को सफल बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष संदीप कुमार, नगर अध्यक्ष तिलकराज बिरला आदि ने भी विचार रखे। सोनू राजौरिया, विनोद वैद्य, सुनेश समर्पित, रमेश बिरला, छोटेलाल, सूरज बबरीक, मनोज बिरला, सावन बहोत, भंवर सिंह आदि रहे। उधर, अनुसूचित जाति जनजाति संयुक्त मोर्चा ने सोमवार को धरना प्रदर्शन कर के ज्ञापन सौंपने की रणनीति बनाई है। साधूराम ने कहा कि इस कार्यक्रम में सभी सामाजिक संगठन और अधिकारी एवं कर्मचारी अवकाश लेकर शामिल होंगे। डॉ. अंबेडकर प्रगतिशील युवा मंच, बुद्ध विहार मार्केट शू मैटीरियल समिति जाटव नगर, सहारनपुर फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन और सुगत वेलफेयर सोसायटी आदि ने भी भारत बंद का समर्थन करने का एलान किया है।