सहारनपुर। भारतीय किसान यूनियन ने 27 मार्च को डीएम कार्यालय पर दस वर्ष पुराने ट्रैक्टरों के साथ प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। यूनियन एनजीटी के उस आदेश से नाराज है, जिसमें दस वर्ष पुराने डीजल के सभी प्रकार के वाहनों को सड़कों पर चलने पर रोक लगाई गई है।
बुधवार को कलक्ट्रेट परिसर में हुई बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी विनय कुमार ने कहा कि सरकारों की गलत नीतियां पहले ही किसानों को आत्महत्या को मजबूर कर रही हैं। अब एनजीटी ने भी एक ऐसा आदेश जारी किया है, जिसके बाद किसान अपने दस साल पुराने ट्रैक्टर लेकर सड़क पर नहीं निकल सकेंगे। संगठन ऐसे आदेशों को स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने 27 मार्च को जनपद के तमाम किसानों से अपने दस वर्ष पुराने ट्रैक्टर लेकर कलक्ट्रेट में पहुंचने की अपील की है। बैठक में मुकेश तोमर, अशोक कुमार, जगपाल सिंह, अरुण राणा, कालूराम, नरेश स्वामी, कान सिंह, प्रदीप, पप्पू, भूपेंद्र आदि मौजूद रहे।