सहारनपुर। संभागीय परिवहन कार्यालय के बाहर स्थित दुकानों पर अधिकारियों ने छापामारी की। जिससे दुकानों पर मौजूद दलालों में खलबली मच गई और भाग खड़े हुए। कुछ लोगों ने विरोध करने का प्रयास किया। जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
संभागीय परिवहन अधिकारी कपिल देव सिंह शुक्रवार को दोपहर लगभग 11 बजे अपने कार्यालय से निकले तो कुछ लोग अपने हाथों में प्रार्थना-पत्रों के कई फार्म लगे हुए थे। आरटीओ के साथ विभागीय सिपाहियों ने उन्हें बुलाया तो वे भाग गए। जिस पर यात्रीकर अधिकारी राकेश मोहन एवं संभागीय निरीक्षक कुलदीप सिंह ने कार्यालय के बाहर दलाली करने वाले लोगों की आशंका पर छापा मारा और लोगों की जांच पड़ताल की। जिस पर खलबली मच गई। वहां मौजूद दलाल भागने लगे। आरोप है कि कुछ दलालों ने अधिकारियों की कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया। जिस पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचे और आरोपियों को हिरासत में ले लिया। आरटीओ कपिलदेव सिंह ने चेतावनी दी है कि कार्यालय के नजदीक कोई भी दलाल पाया गया और उसकी मोटरसाइकिल पकड़ी गई तो कार्रवाई की जाएगी।