सहारनपुर। पद्मावती के बाद फिल्म टाइगर जिंदा है को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, टाइगर जिंदा है में वाल्मीकि समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है, जिसे लेकर वाल्मीकि समाज में भारी रोष है। वाल्मीकि समाज के लोगों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए सलमान खान का पुतला फूंका। वाल्मीकि समाज ने आंदोलन तेज करने के लिए 24 दिसंबर को नगर निगम परिसर में इकट्ठा होने की अपील की।
फिल्म में आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर राष्ट्रीय दलित महासंघ ने शनिवार को बैठक की। जिलाध्यक्ष राधेश्याम बबलू बौहत ने कहा कि सलमान खान ने फिल्म में वाल्मीकि समाज के लिए गलत शब्द का प्रयोग किया है, जिससे वाल्मीकि समाज आहत हुआ है। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि समाज हमेशा से शांतिप्रिय रहा है। यदि वाल्मीकि समाज के मान और सम्मान को कोई ठेस पहुंचाएगा तो वह चुप नहीं बैठेगा। जिला प्रभारी सुरजीत घाघट ने तमाम वाल्मीकि संगठनों से फिल्म का विरोध करने की मांग की। साथ ही 24 दिसंबर को नगर निगम परिसर में इकट्ठा होने की अपील की। बैठक के बाद वाल्मीकि समाज के लोगों ने फिल्म के विरोध में नारेबाजी करते हुए सलमान खान का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों में रमेश टांक, कैलाशचंद, रोहित पेहाल, प्रवीनराज, अमित गौहर, धनी बिरला, जोनी टांक, विकास, विक्की, हरीश, अंकित, रामू विश्वास, तिलकराज, राहुल आदि शामिल रहे।