रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। छात्राओं के साथ छेड़छाड़ को लेकर कस्बे में एंटी रोमियो स्क्वायड टीम ने आज शुक्रवार को विद्यालय छुट्टी के दौरान टीम ने मुख्य बाजार, दिल्ली रोड घसौती चौंक, कन्या इंटर कालेज के आस-पास खड़े छात्रों से पूछताछ कर उनके नाम तक दर्ज किए हैं।
विद्यालय की छुट्टी के दौरान छात्राओं और अन्य महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं को लेकर एंटी रोमियो स्क्वायड टीम ने एसआई देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में विद्यालयों के आसपास छापेमारी की। इस दौरान अनावश्यक रूप से खड़े छात्रों और युवकों से टीम ने पूछताछ की और उनके नाम रजिस्टर में दर्ज किए। टीम ने युवकों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विद्यालय की छुट्टी के दौरान वह अनावश्यक रूप से खड़े पाए गए तो उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। वहीं टीम ने चमन लाल कन्या इंटर कालेज में छात्राओं को संदेश देते हुए बताया कि सरकार द्वारा डायल 100, 1090 पर सहायता के लिए काल करे। उधर, टीम का नेतृत्व कर रहे एसआई ने कहा कि अब यह अभियान लगातार जारी रहेगा। टीम में कांस्टेबल राहुल कुमार, विपिन कुमार, रजनी आदि रहे।