नागल (सहारनपुर)। गांव सोहनचिड़ा में तीन दिवसीय किसान कबड्डी प्रतियोगिता में हरियाणा के बापोली की टीम ने कड़े मुकाबले में पांच अंकों से अपने ही प्रदेश की गुड़ श्याम टीम को हराकर ट्राफी कब्जाई। कमेटी ने विजेता टीम को 51 हजार रुपये व उपविजेता टीम को 31 हजार रुपये देकर सम्मानित किया।
समापन अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री डा. अकरम और कमेटी के अध्यक्ष ग्राम प्रधान अमजद अली ने कहा कि तीन दिन तक प्रत्येक टीम के खिलाड़ियों ने मैच को खेल भावना के साथ खेला व अपनी टीम को फाइनल तक ले जाने का प्रयास किया लेकिन बापोली टीम ने फाइनल जीत कर अपने आपको बेहतर साबित किया। उन्होंने अन्य टीम के खिलाड़ियों से कहा कि वे हताश ना हो और कड़ी मेहनत कर आने वाली प्रतियोगिताओं प्रथम स्थान प्राप्त करें। इस अवसर पर मुखिया लुकमान, हसीब अहमद, मो. कफील, इसरार अहमद, डा. शहजाद, साकिब मोरी, नईम प्रधान तौकीर अहमद, नफीस, गुलरेज, फहीम, अरविंद, अजीम आदि मौजूद रहे।