गंगोह (सहारनपुर)। लाला किशनचंद राजकीय महाविद्यालय का वार्षिक क्रीड़ा समारोह सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ संपन्न हो गया। इस मौके पर छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। शुभम और समिता चैंपियन घोषित किए गए। समाजसेवी योगेंद्र गर्ग द्वारा 25 छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई।
प्रतियोगिताओं के दूसरे दिन शुभारंभ नानौता से आए प्राचार्य योगेश कुमार त्यागी एवं समाजसेवी योगेंद्र गर्ग ने की। योगेंद्र गर्ग ने कहा कि बिना परिश्रम के सफलता संभव नहीं है। विद्यार्थी पहले अपना लक्ष्य निर्धारित करे और फिर उसे प्राप्त करने के लिए धैर्य, संयम व संकल्प के साथ परिश्रम करें। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं के लिए पहले से अधिक और बेहतर अवसर उपलब्ध हैं। आवश्यकता उनको पहचाने की है। इस अवसर पर लायंस क्लब गंगोह ग्रेटर के अध्यक्ष अंशुल गोयल ने प्रमोद कुमारी को लायंस इंटरनेशनल का प्रमाण पत्र दिया। प्राचार्या प्रमोद कुमारी ने बताया कि इस वर्ष से महाविद्यालय में पीजी कक्षाएं भी शुरू हो गई हैं। योगेंद्र गर्ग ने 25 निर्धन छात्राओं को साइकिल प्रदान की। छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। गोला फेंक प्रतियोगिता में विशाल प्रथम, रवि द्वितीय एवं विक्रांत खटाना तृतीय स्थान पर रहे। छात्रा वर्ग में कोमल, सुमायला और नमिता ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। शुभम और समिता चैंपियन रही।
इसके अलावा भाला फेंक प्रतियोगिता में विक्रांत चिकारा ने प्रथम, संजय ने द्वितीय एवं विक्रांत खटाना ने तृतीय, छात्रा वर्ग में हिना ने प्रथम, आकांक्षा ने द्वितीय एवं उमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लंबी कूद में शुभम प्रथम, मीरखान द्वितीय एवं शोएब अली तृतीय रहे। छात्रा वर्ग में समिता प्रथम, हिना द्वितीय एवं सोनी तृतीय रही। 200 मीटर दौड़ में शुभम प्रथम, मीरखान द्वितीय एवं अंकुर तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। संचालन ऋषिपाल सिंह ने किया। वृतिका ढिल्लन, डा. अमित कुमार, ऋषिपाल सिंह, सचिन गौतम, संजीव कुमार, ओमबीर, सचिन खरे आदि का सहयोग रहा।