गंगोह (सहारनपुर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रभारी चिकित्सक पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए कामबंद हड़ताल की घोषणा करते हुए सीएचसी परिसर में ही धरना शुरू कर दिया। स्वास्थ्यकर्मियों की हड़ताल से मरीजों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा हालांकि इमरजेंसी सुविधा को बहाल रखा गया। कर्मचारियों ने मामले की शिकायत सीएमओ से की है।
बुधवार सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों डा. सूरजपाल सिंह, डा. विश्वजीत, वैभव कुमार, इरशाद चौधरी, विनय शर्मा, हिमांशु कुमार, संजय कुमार, एसपी पांचाल, ओमपाल आदि ने सीएचसी प्रभारी पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए अस्पताल गेट पर धरना आरंभ कर दिया। कर्मचारियों का कहना है कि प्रभारी चिकित्सक द्वारा अस्पताल के अंदर बाइक आदि वाहन लाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। वह स्टाफ को भी अपने वाहन बाहर ही खडे़ करने के निर्देश दे रहे हैं, जबकि वाहनों की सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए है। आरोप है कि अस्पताल गेट पर ही चेन डाल कर वहां एक प्राइवेट व्यक्ति को बैठा दिया गया है। पहले उक्त कर्मचारी ने प्रभारी चिकित्सक के निर्देश पर कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर प्रभारी चिकित्सक ने भी उनके साथ गाली-गलौज की। धरनारत कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक प्रभारी चिकित्सक सार्वजनिक रूप से उनसे माफी नहीं मांगेंगे तब तक धरना जारी रहेगा। बुधवार को एएनएम को छोड़ कर लगभग सभी कर्मचारी कार्य बहिष्कार में शामिल रहे। उधर, सीएचसी प्रभारी ने आरोपों को निराधार बताते हुए कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार को अवैध बताया।