नकुड़ (सहारनपुर)। नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया को शुरू हुए तीन दिन बीत चुके हैं। बावजूद इसके भाजपा की ओर से अभी तक प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया है। इस कारण विपक्षी दलों और मतदाताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
नकुड़ में चेयरमैन पद के लिए भाजपा से टिकट की चाह रखने वालों की लंबी लाइन लगी है। यहां अभी से भाजपाई दो फाड़ नजर आ रहे हैं। यहां चेयरमैन पद का टिकट पाने के लिए पार्टी के करीब-करीब सभी छोटे-बड़े डेढ़ दर्जन के करीब पदाधिकारियों व नेताओं ने टिकट के लिए आवेदन किया हुआ है। इसके साथ ही जो बचे हैं वे भी अपने-अपने गुट व नजदीकियों की पैरवी में लगे हैं। बताया जाता है कि यही कारण है कि पार्टी हाईकमान को टिकट के दावेदारों के बारे में फीड बैक लेने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और टिकट की घोषणा करने में देरी हो रही है। वहीं, गत चार दिनों से भाजपा के एक नेता का नकुड़ नगर पालिका चेयरमैन पद के लिए टिकट पक्का होने की चर्चाओं से दूसरे गुट में खलबली मची है और उन्होंने उक्त नेता को बाहरी बताते हुए विरोध भी शुरू कर दिया है। टिकट की घोषणा से पूर्व ही भाजपा के एक पूर्व चेयरमैन ने अपनी पत्नी के नाम से अध्यक्ष पद के लिए दो नामांकन सेट भी खरीद लिए हैं। हालत यह है कि पार्टी हाईकमान ने यदि दोनों गुटों को विश्वास में लेकर टिकट की घोषणा नहीं की तो इस बार भी टिकट के कई दावेदार टिकट नहीं मिलने पर बागी होकर चुनाव लड़ने के लिए तैयार बैठे हैं।
बता दें कि गत पालिका चुनाव में भाजपा की ओर से निवर्तमान चेयरमैन धनीराम सैनी का टिकट होने की घोषणा होने के बाद पार्टी से नाराज राकेश वर्मा ने बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ धनीराम सैनी को कड़ी टक्कर दी थी।