टीम का हिस्सा बनने को बहाया पसीना
सहारनपुर। राज्य स्तरीय अंडर-20 एथलेटिक्स प्रतियोगिता एक और दो अक्तूबर को लखनऊ में होगी। प्रतियोगिता के लिए सहारनपुर की टीम का चयन कर लिया गया है। इसके लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार की शाम ट्रायल कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ी जुटे और टीम का हिस्सा बनने को पसीना बहाया।
बालकों में राव रिजवान, मिर्जा जव्वाद, आशु पंवार, अनुज कुमार, शिवम सैनी, रोहित कुमार, अनुज, कार्तिक कुमार, गौरव पाल, रिषभ, राहुल चौधरी, हर्षित कुमार आदि चयन कराने में सफल रहे, जबकि बालिकाओं में पाखी सैनी का चयन किया गया। खिलाड़ियों का चयन जिला एथलेटिक्स संघ सचिव डॉ. एके गुप्ता के निर्देशन और चयन समिति अध्यक्ष यशपाल सिंह पुंडीर, ईश्वर पाल सिंह और गुलाब सिंह राणा की देखरेख में हुआ। निर्णायकों में स्टेडियम के एथलेटिक्स कोच संदीप रंधावा, राजेंद्र कुमार, अवनीश कुमार, लाल धर्मेंद्र प्रताप, रूबिका नेगी रहे। चयनित खिलाड़ी शनिवार की सुबह की ट्रेन से लखनऊ के लिए रवाना हुए।
टीम का चयन ट्रायल दो अक्तूबर को
सहारनपुर। प्रदेश स्तरीय सब जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता तीन और चार अक्तूबर को बुलंदशहर में होगी। इसमें बालक और बालिकाएं दोनों हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता के लिए मंडलीय टीम का चयन किया जाना है। इसके लिए जिला और मंडलीय चयन ट्रायल दो अक्तूबर यानी सोमवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा। जिला स्तरीय ट्रायल सुबह 10 बजे से और मंडलीय ट्रायल दोपहर दो बजे से होगा। उप क्रीड़ा अधिकारी काशी नरेश यादव ने बताया कि ट्रायल में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी का जन्म छह नवंबर 2006 से पांच नवंबर 2003 के माध्य होना चाहिए। ट्रायल के दौरान जन्म प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।