रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। डीएम के निर्देश पर एसडीएम की अगुवाई में खाद्य निरीक्षक ने नगर की दुकानों पर ताबड़तोड़ छापामारी की। उन्होंने आधा दर्जन परचून की दुकानों से खाद्य वस्तुओं के नमूने लिए। छापामारी की सूचना पर बाजार के मिठाई विक्रेता अपनी दुकानें बंद कर भाग खड़े हुए।
सोमवार को एसडीएम राकेश कुमार गुप्ता, थाना प्रभारी सीपी कठेरिया और खाद्य निरीक्षक सुनील कुमार ने अपनी टीम सहित नगर के बाजार में परचून की दुकानों पर छापा मारकर वहां से बेसन, आटा, मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। इस दौरान व्यापार संघ के जिला उपाध्यक्ष आबिद हसन ने खाद्य निरीक्षक पर एसडीएम की मौजूदगी में आरोप लगाया कि वह सैंपल के नाम पर दुकानदारों से अवैध वसूली करते हैं। पूर्व में भी एक निश्चित स्थान पर बैठक कर दुकानदारों से अवैध वसूली करने का काम करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि पूर्ति निरीक्षक का यही रवैया रहा तो वह उनके खिलाफ आरपार की लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। उधर, एसडीएम ने कहा कि दुकानदारों को चाहिए कि वह खाने पीने की वस्तुओं में शुद्धता रखे यदि खाद्य वस्तुएं शुद्ध होगी तो उन्हें सैंपल प्रक्रिया से डरने की जरूरत नहीं है।