सहारनपुर। जनपद में नए 13 गो-आश्रय स्थल बनाए जाएंगे। इनमें दो स्थायी और 11 अस्थायी गोशाला होंगी। इस कार्य को लेकर पशुपालन विभाग की ओर से सर्वे पूरा हो गया है। जल्द इन पर काम शुरू कराया जाएगा।
12 गो-आश्रय स्थलों पर नहीं बची जगह
दरअसल, तीन साल पूर्व जनपद के सभी 11 विकासखंड स्तर पर गो-आश्रय स्थल तैयार किए गए थे। इसके साथ ही सांवलपुर नवादा में नगर निगम की ओर से कान्हा उपवन बनाया गया था। इन सभी गोशालाओं में वर्तमान में 1580 गोवंश हैं और नए गोवंश रखने की जगह नहीं बची है। ऐसे में नए गोवंश रखने को पशुपालन विभाग को दिक्कत उठानी पड़ रही है।।
भेजा गया था शासन को प्रस्ताव
नए गो आश्रय स्थल बनाने को पशुपालन विभाग ने शासन को प्रस्ताव भेजा था, जिसे हरी झंडी मिल गई थी। इसके बाद पशुपालन विभाग ने सर्वे कराकर दो स्थायी और 11 अस्थायी गो-आश्रय स्थल बनाने को भूमि चिह्नित कर ली है, जिन पर जल्द कार्य शुरू कराए जाने की तैयारी की जा रही हैं।
यहां बनेंगे स्थायी गो आश्रय स्थल
नकुड़ विकासखंड के गांव मानपुर अहतमाल जदीद और नानौता के बैरूल हदूद में स्थायी गो-आश्रय स्थल बनाया जाएगा। इनके अलावा विकासखंड बलियाखेडी, पुवांरका, मुजफ्फराबाद, साढ़ौली कदीम, सरसावा, नकुड़, गंगोह, नानौता, रामपुर मनिहारान, देवबंद, नागल क्षेत्र में 11 अस्थायी गो-आश्रय स्थल तैयार किए जाएंगे।
जिले नए 13 गो-आश्रय स्थल बनाए जाएंगे। इसको लेकर लगभग सर्वे पूरा हो गया है। जल्द नए गो आश्रय स्थल बनाने का कार्य शुरू होगा।
- राजीव सक्सेना, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी