सहारनपुर के शेखुल हिंद मौलाना महमूद हसन मेडिकल कॉलेज में विभिन्न पदों पर कार्यरत 125 कर्मचारियों का अनुबंध समाप्त कर दिया गया है, जिससे यह कर्मचारी सड़क पर आ गए हैं।
नौकरी चले जाने से आहत तमाम कर्मचारी शुक्रवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने डीएम और सांसद को ज्ञापन सौंपकर नौकरी बचाने की गुहार लगाई। शुक्रवार को कलक्ट्रेट पहुंचे रुद्रप्रताप सिंह, अलका, प्रिया, राजरानी, रुबिना, सुषमा आदि ने डीएम पीके पांडेय को बताया कि उनकी नियुक्ति पूर्व सैनिक कल्याण निगम मेरठ के द्वारा अनुबंध के तहत ओटी टेक्नीशियन, लैब टेक्नीशियन, क्लैरिकल स्टाफ, स्टाफ नर्स आदि पदों पर हुई थी।
30 जून को प्राचार्य की ओर से एक पत्र जारी किया गया है, जिसमें मेडिकल कॉलेज और पूर्व सैनिक कल्याण निगम मेरठ के बीच हुआ अनुबंध 31 जुलाई के बाद समाप्त होने की बात कही गई है। उन्होंने बताया कि वह शुरू से पूरी निष्ठा और लगन के साथ काम करते आ रहे हैं।
उन्हें आश्वासन दिया गया था कि यदि वह इसी तरह मन लगाकर काम करते रहे तो अनुबंध समाप्त होने के बाद भी उन्हें ही रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि आश्वासन मिलने की वजह से उन्होंने कहीं और आवेदन नहीं किया है।
ऐसे में अनुबंध समाप्त होने के बाद उन्हें बाहर कर दिए जाने से उनके सामने परिवार का पेट पालने का संकट पैदा हो गया है। यदि उनको पुन: रखा नहीं जाता है तो परिवार के सामने भूखों मरने की नौबत आ जाएगी।
उनकी मांग है कि उनके और परिवार के भविष्य को देखते हुए सरकार से उचित आदेश पारित कराया जाए। इसके बाद तमाम कर्मचारी सांसद राघव लखनपाल शर्मा से भी मिले और उनसे भी यही गुहार लगाई।
ज्ञापन देने पहुंचने वालों में राखी, मेनका, मीनाक्षी, अंकुर, जयपाल, अश्वनी, रानी, योगेश, विभु, निशा, शालू, अनुज, विपिन, राहुल, ममता, अरविंद, सुनीता, गीता, बबीता, आयशा, सुमन, सुलेखा आदि शामिल रहीं।