चीनी मिल के मशीन आपरेटर की मौत
नानौता (सहारनपुर)। किसान सहकारी चीनी मिल परिसर में गन्ना लोडर आपरेटर ड्यूटी खत्म कर मशीन से उतरते समय नीचे गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने पीएम के बाद शव को चीनी मिल गेट के बाहर रखकर ब्लाक प्रमुख पति ऋषिपाल राणा के नेतृत्व में धरना देकर जीएम का घेराव करते हुए मुआवजे और मृतक आश्रित के लिए नौकरी मांगी। मिल जीएम द्वारा अधिकारियों-कर्मचारियों का एक दिन का वेतन और मृतक की पत्नी को संविदा पर रखने का भरोसा देकर मामला शांत कराया।
थाना नानौता क्षेत्र के गांव भनेड़ा खेमचंद निवासी सुरेंद्र कुमार (40) पुत्र सोमपाल किसान सहकारी चीन मिल में केन लोडर पर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। सोमवार को उसकी ड्यूटी शाम छह बजे से रात 2 बजे तक थी। बताया जाता है कि ड्यूटी समाप्ति के दौरान केन लोडर से नीचे उतरते समय उसका पैर फिसलने से गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आनन-फानन में मिल द्वारा नानौता सीएचसी ले जाया गया। जहां से घायल को जिला अस्पताल ले जाते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई। थाना पुलिस ने मृतक का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम से आने के बाद मृतक के परिजनों ने ब्लॉक प्रमुख पति ऋषिपाल राणा व भारतीय किसान संगठन के नेतृत्व में शव को चीनी मिल गेट पर रखते हुए करीब एक घंटे से अधिक समय तक धरना दिया। धरना स्थल पर पहुंचे मिल जीएम डा. प्रशांत कुमार का ग्रामीणों ने घेराव करते हुए मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता व परिवार के सदस्य को नौकरी दिलाने की मांग की।
मौके की गंभीरता को देखते हुए चीनी मिल के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा एक दिन का वेतन मृतक के परिवार को दिया गया। इसके अलावा मिल जीएम डा. प्रशांत कुमार द्वारा मृतका की पत्नी को चीनी मिल में संविदाकर्मी के रूप में नौकरी देने तथा मिल बायलाज के अनुसार उचित मदद का आश्वासन दिया। इसके बाद शव को घर अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।
इस दौरान गुलाब सिंह, चीनी मिल डायरेक्टर अमीसिंह, श्रमिक नेता कृष्ण सिंह, संजू राणा, मनोज ठसका, कर्मवीर सिंह, सुनील बजरंगी, जगबीर फौजी, विक्रम सिंह आदि ग्रामीण मौजूद रहे।