चिलकाना (सहारनपुर)। बाइक के आगे जंगली जानवर आने से बाइक फिसल कर गिर गई, जिससे बाइक सवार गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल की इलाज के दौरान हायर सेंटर में मौत हो गई।
मंगलवार रात गांव सलीरी निवासी इरफान (48) पुत्र खलील अपने परिवार के साथ कलियर शरीफ से आ रहा था। चिलकाना आकर इरफान ने अपनी पत्नी तथा बच्चों को टेंपो में बैठा कर घर भेज दिया तथा स्वयं दो पुत्रियों के साथ चिलकाना से परिवार के लिए खाना लेकर घर जा रहा था। गांव पटना के पास सड़क पर अचानक जंगली जानवर आ गया, जिससे टकराकर बाइक फिसलकर गिर गई। जिससे इरफान सड़क पर गिर गया, उसके सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि उसकी दो पुत्रियों कहकशां और आइशा को हल्की चोटें आईं। परिजन पहले घायल इरफान को जिला अस्पताल ले गए जहां उसकी गंभीर हालत देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हायर सेंटर में इलाज के दौरान देर रात इरफान की मृत्यु हो गई। इरफान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इरफान के पांच बच्चे हैं तथा परिवार का पालन करने वाला अकेला था। इरफान की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। बुधवार को इरफान को गमजदा माहौल में सुपुर्दे खाक कर दिया गया।