भाकियू ने की पाक को कड़ा सबक सिखाने की मांग
रामपुर मनिहारान। भाकियू की मासिक पंचायत में पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। किसानों ने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि पाकिस्तान को ऐसा सबक सिखाया जाए, जिससे वह कभी इस प्रकार की हिम्मत न कर सकें।
मुहल्ला शिवपुरी में आयोजित मासिक पंचायत में तहसील अध्यक्ष चौधरी जगपाल ने कहा कि पुलवामा घटना को जिस प्रकार से पाक में बैठे आतंकियों व आईएसआई के इशारे पर अंजाम दिया गया है। इसका केंद्र सरकार पाक को मुंह तोड़ जवाब दे। उन्होंने कहा कि किसानों के बकाया गन्ने का भुगतान किया जाए व उन्हें विद्युत कनेक्शन व उसका सामान भी उपलब्ध कराया जाए। तहसील कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई जाए। अन्यथा भाकियू इसके खिलाफ सड़कों पर आकर आंदोलन शुरू कर देगी। उन्होंने कहा कि बाजार में नकली मावा, कीटनाशक दवाइयां धड़ल्ले से बेची जा रही हैं। ऐसे दुकानदारों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। नगर के बीच से गुजर रहे रेहड़ी रजवाहे की सफाई कराई जाए। गन्ना तौल केंद्रों पर घटतौली को लेकर अभियान चलाया जाए। बाद में किसानों ने चौधरी जगपाल के नेतृत्व में किसानों ने पाक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान शेरपाल, कान सिंह, प्रदीप कुमार, मा. सेवा राम, तरशपाल आदि रहे।