बेहट (सहारनपुर)। सहकारी सस्ते गल्ले की दुकान के राशन विक्रेता पर खाद्यान के दाम निर्धारित दाम से अधिक वसूलने का आरोप लगाते हुए रहणा गांव के ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते किया और विक्रेता की दुकान का लाइसेंस निरस्त किए जाने की मांग की।
तहसील बेहट क्षेत्र के रहणा गांव में ग्रामीणों ने रविवार को इकट्ठे होकर राशन विक्रेता के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का आरोप है कि विक्रेता गेहूं एवं चावल के दाम सरकार द्वारा निर्धारित दामों से अधिक वसूल रहा है। आरोप है कि 2 रुपये किलो मिलने वाले गेहूं के दाम पांच रुपये प्रति किलो वसूलता है और विरोध करने पर उनके पति बदसलूकी करते हैं। ग्रामीणों ने राशन डीलर के खिलाफ जांच कर उसकी दुकान का लाइसेंस निरस्त किए जाने की मांग की। उधर, ग्राम प्रधान बबली एवं उनके पति जयप्रकाश ने भी आरोप लगाया कि विक्रेता अपनी मनमानी कर रही है। प्रदर्शनकारियों में सलीम, मुनफैत, तौफीक, मुमताज, रशीद, इरशाद, बबली, सुमित, रेखा, मुन्ना, गुलशन, अफसाना, सहिस्तां, मुकेश, मांगेराम, नीटू, संकेस, मोनू, नरेश आदि ग्रामीण शामिल रहे। उधर, राशन विक्रेता सुनीता देवी के पति मुन्नालान का कहना है कि आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। ग्राम प्रधान मिलकर उनके खिलाफ अपने पक्ष के लोगों से उल्टे सीधे आरोप लगवा रहे हैं।