शादियों में फिजूलखर्ची बंद करने का आह्वान
अंबेहटा (सहारनपुर)। राठी खाप (गुर्जर जाति ) के 19 गांवों के लोगों ने पंचायत का आयोजन कर समाज में व्याप्त बुराईयों को दूर करने का आह्वान किया। इसमें शादियों के दौरान फिजूलखर्ची, युवाओं में नशाखोरी रोहित सहित अन्य प्रस्ताव रखे गए।
क्षेत्र के गांव खंडवा में स्थित दादी चंदो सती सिद्धपीठ पर आयोजित हुई पंचायत में वक्ता पवन सिंह राठौर ने कहा कि युवा वर्ग का सही मार्गदर्शन करना हम सबकी जिम्मेदारी है। मगर समयाभाव के कारण हम लोग अपने इस दायित्व से विमुख होते जा रहे हैं। यह समाज के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि समाज की एकता सबसे बड़ी बात है। इसलिए जरूरी है कि खाप के लोग सियासी मंचों से ऊपर उठकर समाज हित में काम करें।
पंचायत में सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें प्रत्येक वर्ष खाप के प्रतिभावान बच्चों को बडे़ आयोजन कर सम्मानित करना, शादी समारोह में फिजूलखर्ची पर रोक लगाना, युवाओं को नशाखोरी और विवादों से दूर रखना, बच्चों और युवाआेें के लिए शैक्षिक संस्थानों और खेल के मैदानों के लिए प्रयास करना, बेटी की शादी में कम लोगों को निमंत्रण देना सहित अन्य प्रस्ताव शामिल रहे।
खाप के लोगों ने हाथ उठाकर इन प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया। पंचायत की अध्यक्षता राठी खाप के मुखिया चौधरी अजब सिंह ने की। संचालन जितेंद्र राठी ने किया। पंचायत में पवन सिंह राठौर, धर्मेंद्र चौधरी, अजब सिंह, कुंवरपाल सिंह, संदीप चौधरी, रामधन प्रधान, वेदपाल, अनुज राठी, विजय पाल, कृपाल सिंह, राजेंद्र प्रधान, फतेह सिंह, नाथीराम, विक्रम सिंह, रोहिताश प्रधान, देवेंद्र प्रधान, कर्मवीर सहित राठी खाप के काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे।