इंसुलेटर में धमाका, शीशम के सूखे पेड़ में आग लगी
लखनौती (सहारनपुर)। विद्युत निगम की लापरवाही के चलते बड़ा हादसा होने से बच गया। शीशम के सूखे पेड़ पर हाईटेंशन लाइन के नीचे लगे इंसुलेटर में अचानक जोरदार धमाके के साथ आग लग गई। फायर बिग्रेड की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। ग्रामीणों में ऊर्जा निगम के खिलाफ भारी रोष है।
गंगोह कोतवाली क्षेत्र के अंबेहटा मार्ग से हाईटेंशन लाइन गांव रंधेड़ी स्थित बिजलीघर पर जा रही है। गांव बीराखेड़ी में बस स्टैंड के नजदीक हाईटेंशन लाइन के नीचे खंभे की बजाय शीशम के पेड़ पर इंसुलेेटर लगा रखा है। पिछले तीन दिनों से इस इंसुलेटर में धमाके हो रहे हैं। मंगलवार को इस इंसुलेटर में फिर जोरदार धमाका हुआ और शीशम की सूखे पेड़ में आग लग गई। धमाके को सुनकर सड़क से गुजर रहे वाहन सवार राहगीर दोनों ओर वहीं के वहीं रुक गए। आग की चिंगारियां नीचे गिरने से सूखी घास और गोबर की खाद ने भी आग पकड़ ली। आग की लपटें बढ़ी तो ग्रामीणों ने इसकी सूचना फायर बिग्रेड को दी। सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड और पुलिस की डायल 100 समेत वन विभाग के वन रक्षक सतप्रकाश और सादा अली भी मौके पर पहुंचे। सूचना के बावजूद विद्युत निगम का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुचा। जिससे ग्रामीणों में भारी रोष है। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और आग को पास के खेतों में फैलने से रोका गया।
उधर पावर कार्पोरेशन के गंगोह के एसडीओ राजेश कुमार का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी।