ईवीएम-वीवीपैट की जांच में जुटी टीम
सहारनपुर। लोकसभा चुनाव 2019 के लिए ईवीएम-वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) का कार्य अभी लंबा खिचेंगा। इस कार्य को शुरू हुए करीब एक पखवाड़ा बीत चुका है, लेकिन अभी तक सभी ईवीएम-वीवीपैट की जांच नहीं हो सकी है।
सहारनपुर जनपद की सात विधानसभा क्षेत्रों में 2760 बूथों पर मतदान होता है। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बेंगलुरु से नई मशीनें आई हैं, जिनकी प्रथम स्तरीय जांच (फर्स्ट लेवल चेकिंग) का कार्य जिला निर्वाचन कार्यालय परिसर में चल रहा है। बेंगलुरु से नए मॉडल के 3166 वीवीपैट, 4280 बैलेट यूनिट और 3166 कंट्रोल यूनिट आई हैं। मशीनों में जो खामियां आ रही हैं, उन्हें दुरुस्त किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के नोडल अधिकारी और जिला विकास अधिकारी मंशाराम यादव ने बताया कि नए मॉडल की मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच चल रही है। जनपद की सातों विधानसभाओं के 2760 बूथों के लिए वीवीपैट आई हैं।