जल निकासी कराने आई टीम पर पथराव
साढ़ौली कदीम (सहारनपुर)। गांव में हुए जलभराव की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस पर कब्जा धारकों ने पथराव कर दिया। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों का अमला मय फोर्स के मौके पर पहुंचा तथा जेसीबी से नाली पर बने अवैध कब्जे हटाकर पानी की निकासी सुचारु कराई।
गांव साढ़ौली कदीम के आबादी क्षेत्र में सोमवार को सुबह सैकड़ों मकान एवं दुकानों में पानी घुस गया। आबादी क्षेत्र में पानी घुसने की सूचना पर एसआई भारतीे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर जेसीबी बुलाकर पानी निकासी के लिए नाली पर बने अवैध कब्जे हटवाने शुरू किए। इसी दौरान कुछ अवैध कब्जा धारकों ने जेसीबी और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इस पर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया। तत्काल मौके पर एसडीएम डीपी सिंह, तहसीलदार सुधीर कुमार, सीओ ब्रजपाल सिंह, कोतवाल छोटेलाल मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पुलिस सुरक्षा के बीच नाली पर बने अवैध कब्जे हटवाकर पानी निकासी कराई। पानी की चपेट में सैकड़ों मकानों एवं दुकानों का सामान नष्ट हो गया। ग्रामीण रामपाल, पंकज बंसल, सुखबीर सिंह, संदीप पाल, बिशंभर सिंह, सुदेश, देशराज, सतबीर, रोशनलाल, राजेश, चुन्नीलाल, रमेश, रवि आदि ने घरों में हुए जलभराव से हुए नुकसान के मुआवजे की मांग की।