एमएलसी और रावण पर कार्रवाई के विरोध में 17 अगस्त को होगी दलित मुस्लिम महापंचायत
छुटमलपुर (सहारनपुर)।। मुस्लिम समाज की बैठक में पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल, उनके भाई एमएलसी महमूद अली और बेटों के खिलाफ की गई गैंगस्टर और चंद्रशेखर उर्फ रावण पर रासुका की कार्रवाई के विरोध में 17 अगस्त को छुटमलपुर में दलित मुस्लिम महापंचायत आहूत करने का एलान किया गया।
शुक्रवार को कसबे में अलावलपुर रोड पर हाजी जुल्फान मलिक के निवास पर आयोजित बैठक में फिरोज खान ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार दलित और मुस्लिम विरोधी है। पहले युवा दलित नेता चंद्रशेखर रावण और अब पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल के खिलाफ की गई बदले की कार्रवाई से दलित और मुस्लिम समाज में आक्रोश है। अलवी समाज के जिलाध्यक्ष इसलाम अलवी ने कहा कि उन्होंने पहले ही चेताया था कि यदि हाजी इकबाल के खिलाफ कार्रवाई हुई तो इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्पीड़न के खिलाफ 17 अगस्त को छुटमलपुर में महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। इसमें आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। इस महापंचायत के माध्यम से चंद्रशेखर पर लगाई गई रासुका को हटवाने और हाजी इकबाल और उनके परिजनों पर की गई कार्रवाई को वापस कराने के लिए प्रशासन पर दबाव बनाया जाएगा।
बैठक में मौलाना खालिद नदवी, इकबाल अलवी, अख्तर अलवी, अलीम अंसारी, आसिफ खान, नौशाद सलमानी, बुरहान, हसीन मिर्जा, शमीम मलिक आदि मौजूद रहे।