तीन वर्ष के लिए लीज पर दी जाएंगी शत्रु संपत्ति
सहारनपुर। जिले में पहली बार शत्रु संपत्तियों को लीज पर दिया जाएगा। पहले चरण में 13 संपत्तियों को तीन वर्ष के लिए लीज पर देने की तैयारी है। प्रशासन ने लीज के लिए बोली लगवाकर फाइल को डीएम पीके पांडे की अनुमति के लिए भेज दी है।
प्रशासन द्वारा काफी मशक्कत के बाद चिह्नित कराकर कब्जे में ली गई शत्रु संपत्तियों को लोगों को खेती के लिए लीज पर दिया जा रहा है। पहले चरण में बेहट तहसील की करीब 5.18 हेक्टेयर भूमि को तीन वर्ष के लिए लीज पर देने का प्रस्ताव है। खेती की यह जमीन के लिए खुली बोली लगवाई गई है। लीज पर लेने वालों ने बोली लगाई है। बोली प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रस्ताव जिलाधिकारी को अनुमति के लिए भेज दिया गया। फरकपुर नवादा स्थित 1.856 हेक्टेयर भूमि के लिए शाहिद अली ने सर्वाधिक बोली लगाई, जबकि भिक्कनपुर की 0.123 हेक्टेयर भूमि के लिए राशिद सर्वाधिक बोली दाता रहे। शाहपुर गाड़ा स्थित 0.375 हेक्टेयर के लिए इस्लाम, शेरपुर खानाजादपुर की 0.032 हेक्टेयर भूमि के लिए जिंदा हसन, समसपुर की 0.707 हेक्टेयर भूमि के लिए अलीहसन, वहीं की 0.088 हेक्टेयर भूमि के लिए तुफैल, उसी गांव की 0.985 हेक्टेयर भूमि के लिए शशिकांत ने बोली लगाई है। ग्राम वाजिदपुर स्थित 0.123 हेक्टेयर जमीन के लिए मुुंतियाज ने और खुजनावार स्थित 0.078 भूमि एवं 0.061 और 0.193 हेक्टेयर भूमि के लिए अली गौहर, उसी गांव में स्थित 0.071 हेक्टेयर जमीन के लिए मोहतसीन ने ऊंची बोली लगाई है।
जिले में पहली बार शत्रु संपत्तियों को लीज पर देकर राजस्व कमाया जाएगा। प्रथम चरण में बेहट तहसील के गांवों की शत्रु संपत्तियों को तीन वर्ष की लीज पर दिया जा रहा है। इसके लिए जिलाधिकारी की अनुमति के लिए फाइल भेजी गई है। अनुमति मिलने के बाद शत्रु संपत्ति को लीज पर देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके लिए राशि भी निर्धारित कर दी गई है।
विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व।