दो नेत्रहीनों के जीवन में उजाला कर गई बिमला देवी
गंगोह। नगर निवासी राजेंद्र कुमार और हरीश कुमार की माता बिमला देवी मृत्यु के बाद दो नेत्रहीनों के जीवन में उजाला भर गई। उनकी अंतिम इच्छा को पूरी करते हुए पुत्रों ने उनके नेत्रदान कर दिए। अब उनकी आंखों से दो नेत्रहीन इस दुनिया को देख सकेंगे।
क्षेत्र में दृष्टि एक प्रयास संस्था लगातार नागरिकों को नेत्रदान, देहदान, जल संरक्षण एवं अन्न को व्यर्थ ना करने के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रही है। दृष्टि के संस्थापक अध्यक्ष डा. अमित गर्ग ने बताया कि मंगलवार रात बिमला देवी का निधन हो गया था। रात करीब 11.30 बजे उन्होंने सूचना मिली। इसके बाद रात दो बजे रोशनी आई बैंक सहारनपुर के डा. अशोक जैन ने अपनी टीम के साथ गंगोह आकर यह कार्य संपन्न कराया।