सहारनपुर। जिलाधिकारी पीके पांडेय ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप ऋण वितरण करने में कोताही बरतने वाले बैंक कोआर्डिनेटरों व प्रबंधकों के विरुद्ध अब प्रभावी कार्रवाई करते हुए प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने एलडीएम को निर्देश दिए कि बैठक में अनुपस्थित कोआर्डिनेटर व बैंक प्रबंधकों को चिह्नित कर उनका स्पष्टीकरण लिया जाए।
जिलाधिकारी मंगलवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला अग्रणी बैंक के जिला स्तरीय ऋण वितरण कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वार्षिक ऋण योजना में भारतीय स्टेट बैंक व यूनियन बैंक ने निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष कार्य नहीं किया गया है। इन बैंकों की आम जनता के कार्यों में रुचि नहीं है। उन्होंने कहा कि वार्षिक ऋण योजना के तहत फसली ऋण व कृषि क्षेत्र में 30 प्रतिशत रहा। इसी प्रकार लघु उद्योग क्षेत्र में ऋण का प्रतिशत 65 व अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्र 87 प्रतिशत तथा प्राथमिकता वाले क्षेत्र 37 प्रतिशत रहा। जबकि गैर प्राथमिकता क्षेत्र में ऋण वितरण का 90 प्रतिशत लक्ष्य के सापेक्ष भी कार्य पूरा नहीं किया गया। उन्होंने एलडीएम को निर्देश दिए कि जिन बैंकों का परफॉरमेंस खराब है उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि बैंकों के ऐसे कर्मचारी जो कार्य के प्रति लापरवाह है, उन्हें चिह्नित कर निलंबन की कार्रवाई की जाए। जो कोऑर्डिनेटर कार्य नहीं कर रहे हैं, उन्हें भी चिह्नित कर चेतावनी दी जाए। इस चेतावनी को उनकी सेवा पुस्तिका में भी दर्ज कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि एजूकेशन लोन में किसी भी व्यक्ति को दिक्कत का सामना नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी बैंक डिफाल्टर में सुधार करें। डिफाल्टर सुधार ना करने वालों को स्पष्टीकरण लिया जाए। उन्होंने कहा कि ब्रांच मैनेजर डिफाल्टरों की डिटेल लेकर आएं और बड़े बकायेदारों के नाम सार्वजनिक किए जाएं। उन्होंने कहा ऋण योजना का लक्ष्य पूरा नहीं होता है तो निश्चित रूप से कार्यवाही की जाएगी। जिला स्तरीय आरसेटी सलाहकार समिति की बैठक में संदीप गोयल मैनेजर ने कहा कि इस वित्तीय वर्ष में कुल 760 प्रशिक्षणार्थियों में से 288 महिलाएं एवं 467 लाभार्थियों को प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण में जनपद के 19 स्वयं सहायता समूह एवं 130 महिलाएं सदस्यों को प्रशिक्षित किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन सहित अनेकों बैंकों के कोआर्डिनेटर एवं प्रबंधक आदि मौजूद रहे।