मालगाड़ी की पावर फेल, कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित
सरसावा। सहारनपुर-अंबाला रेल मार्ग पर पिलखनी के पास मालगाड़ी की पावर फेल हो जाने की वजह से रेल मार्ग बाधित रहा। इसकी वजह से शालीमार समेत अनेक ट्रेनों का संचालन घंटों प्रभावित हुआ। गाड़ियों के देरी से पहुंचने और चलने की वजह से स्टेशन पर यात्री परेशान रहे।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे हरियाणा की ओर से आ रही एक मालगाड़ी के इंजन ने पिलखनी और सहारनपुर के बीच तकनीकी खराबी की वजह से जवाब दे दिया। इंजन फेल होने की वजह से गाड़ी बीच ट्रैक पर फंस गई। इसकी सूचना तुरंत अंबाला मंडल के अधिकारियों को दी गई, जहां से सहारनपुर समेत इस मार्ग पर पड़ने वाले स्टेशन को अलर्ट कर दिया गया। मालगाड़ी के घंटों ट्रैक पर खड़े रहने की वजह से जम्मू से आ रही बाडमेर एक्सप्रेस और शालीमार एक्सप्रेस को सरसावा स्टेशन और उससे पहले रोक दिया गया। इंटरसिटी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें यमुनानगर तथा कलानोर स्टेशनों पर रोक दी गईं। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद इंजन को ठीक किया गया। इन दो घंटों में शालीमार, बाडमेर और इंटरसिटी एक्सप्रेस में फंसे यात्री परेशान रहे। कई यात्रियों ने ट्रेनों से उतरकर बसों का सहारा लेना मुनासिब समझा। ढाई घंटे बाद मालगाड़ी के रवाना होने के बाद ट्रैक पर ट्रेनों का आवागमन शुरू किया गया।