सहारनपुर। स्मार्ट सिटी योजना की समीक्षा बैठक बृहस्पतिवार को सर्किट हाउस सभागार में हुई। कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने योजना के तहत ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। कार्यों में मानकों की अनदेखी करने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने स्मार्ट सिटी योजना के लिये जनपद में स्मार्ट सिटी मल्टीप्लाई इकोनॉमी योजना के अंतर्गत स्थानीय स्तर पर संचालित उद्योगों को समय के अनुरूप विकसित करने की योजना बनाने को कहा। कहा कि उद्योगों को स्थापित कराने के लिए भारत सरकार की भी मदद ली जा सकती है। सभी चौराहों, रेलवे स्टेशन सहित दूसरे स्थानों को सुंदरीकरण की योजना बनाने, चौराहों के चौड़ीकरण के लिए भी कार्ययोजना को अंतिम रूप देने, महानगर में आम जनता को शुद्ध पेयजल आपूर्ति के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने के भी निर्देश दिए गए। बाजारों में यातायात की सुविधा के लिए अंडरग्राउंड पार्किंग के लिये स्थान चिह्नित करने और अतिक्रमण करने वालों को चिह्नित कर, उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की भी बात कही। जनपद में कूड़ा निस्तारण के लिये पक्के इंतजाम किए जाएं। यातायात की व्यवस्था के लिये भी ऐसी कार्ययोजना बनाई जाए, जिससे आम आदमी को भी परेशानी ना हो। बैठक में जिलाधिकारी पीके पांडेय, महापौर संजीव वालिया, पुलिस अधीक्षक यातायात विनीत भटनागर, विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।
------------------------------------
नौ सदस्यीय स्मार्ट सिटी समिति गठित
स्मार्ट सिटी लिमिटेड की 9 सदस्य टीम गठित की गयी है। स्मार्ट सिटी की समिति में मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल, जिलाधिकारी पीके पांडे, निदेशक डीईआई नंदिता गुप्ता, डायरेक्टर लोकल बॉडी विशाल भारद्वाज, डायरेक्टर एआरसीयूईएस अवधेश कुमार गुप्ता, नगर आयुक्त गौरव वर्मा, उपाध्यक्ष सहारनपुर विकास प्राधिकरण मनोज कुमार, चीफ इंजीनियर, ज्ञान चंद्र झा, नगर निगम के चीफ इंजीनियर गयाप्रसाद शुक्ला नियुक्त किये गये।